राम मंदिर जाने की बात पर अखिलेश यादव ने किया व्यंग्य, कहा- भगवान किसको कब बुला लें, यह किसी को नहीं पता

Rohit Kumar
2 Min Read

22 जनवरी को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होनी है. इसको लेकर राम की नगरी में तैयारियों जोर शोर से चल रही है. देश की तमाम जानी-मानी हस्तियों को इसके निमंत्रण पत्र भी भेजे जा चुके हैं. हालांकि निमंत्रण को लेकर बयानबाजी भी खूब चल रही है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को इसपर बयान दिया. प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में जाने के सवाल पर बोले अखिलेश यादव ने कहा कि भगवान जिसे बुलाएंगे वो अपने आप दौड़ा चला जाएगा. उनसे बढ़कर कोई नहीं है.

एक कार्यक्रम में अखिलेश यादव ने कहा, भगवान का कार्यक्रम है. भगवान से बढ़कर कोई भी नहीं है. भगवान जिसे बुलाएंगे वो अपने आप दौड़ा चला जाएगा. अखिलेश ने ये भी कहा कि भगवान किसको कब बुला लें, यह भी किसी को नहीं पता. प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए एक लाख से अधिक भक्तों के अयोध्या आने की उम्मीद है, जिसमें भारत और विदेश से 7,000 से अधिक मेहमानों के शामिल होने की संभावना है. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इस समारोह में शामिल होंगे. दोपहर 12:20 बजे प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी.

अखिलेश का बीजेपी पर हमला

अखिलेश यादव ने इससे पहले सोमवार को बीजेपी पर निशाना साधा. अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ बीजेपी पर लोकतंत्र की पवित्रता को नष्ट करने की साजिश रचने का सोमवार को आरोप लगाया. उन्होंने कहा, 2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी की धांधली को रोकना है. बीजेपी को रोकने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना है. सावधानी से वोट का इस्तेमाल करना है.

सपा प्रमुख ने कहा, 2024 का लोकसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए है. जनता को सावधान करना है कि जब लोकतंत्र और संविधान ही नहीं रहेगा तो फिर वोट देने का अधिकार भी छिन जाएगा. पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यकों) को न्याय नहीं मिलेगा.

Share This Article
Leave a Comment