अतीक की पत्नी के बाद Mukhtar Ansari की पत्नी अफशां अंसारी पर पुलिस का शिकंजा

Rohit Kumar
3 Min Read

अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन के बाद अब माफिया डॉन मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी पर भी पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है. पुलिस ने अफशां पर इनाम की राशि 25 हजार से बढ़ाकर 50 हजार कर दी है. पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर यह इनाम घोषित किया.

अफशां अंसारी काफी समय से फरार चल रही है. अफशां पर गाजीपुर कोतवाल, मुहम्मदाबाद कोतवाली, नंदगंज, मऊ लखनऊ में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.

पुलिस रिकॉर्ड में अफशां अंसारी IS-191 गैंग की सदस्य

गाजीपुर जनपद में पुलिस ने पुरस्कार घोषित अपराधियों की सूची जारी की है. इस सूची में 12 उन अपराधियों के नाम शामिल हैं, जिन पर पुलिस की तरफ से इनाम का ऐलान किया गया है. अफशां अंसारी पर कोतवाली थाना क्षेत्र में 406, 420, 386, 506 के तहत मामला दर्ज है.

अफशां पर गजल होटल लैंड डील के अलावा नंदगंज में सरकारी जमीन को कब्जा करने का आरोप है. पुलिस रिकॉर्ड में अफशां अंसारी IS-191 गैंग की सदस्य के तौर पर चिह्नित हैं. कुछ मामलों में अफशां के साथ उसके दो भाइयों को भी पुलिस ने नामजद किया है.

पुलिस ने अफशां की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की, लेकिन नतीजा सिफर ही रहा. इसके चलते अफशां पर घोषित इनाम की राशि को बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दिया गया है.

पुलिस की तरफ से 12 अपराधियों की सूची जारी की गई 

एसपी की तरफ से जारी की गई इस सूची में मनिया के सोनू मुसहर, चकफरीद के सद्दाम हुसैन, बनगांवा के वीरेंद्र दुबे, इमिलिया के अंकित राय, नसरतपुर के अंकुर यादव, आजमगढ़ के सिधारी थाना के त्योखर के अशोक यादव, जोगा मुसाहिब के अमित राय, मुख्तार के शूटर शेरपुर के अंगद राय, चकिया के रवि बिंद और सकरा के सोनू बिंद के ऊपर 25 हजार रुपये का इनाम है.

मुख्तार अंसारी की पत्नी अफशां अंसारी पर रखा 50 हजार रुपये का इनाम

अपराधियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही है पुलिस

इस सूची का मतलब साफ है कि पुलिस अब ऐसे अपराधियों पर लगाम कसने की तैयारी कर रही है. वहीं, शहर कोतवाली के सैय्यदबाड़ा मोहल्ले के जाकि‍र हुसैन पर 50 हजार रुपये का इनाम है. इन सभी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है.

Share This Article
Leave a Comment