नई दिल्ली – नई दिल्ली में तेज गर्मी के बीच संदिग्ध हीट स्ट्रोक का एक और गंभीर मामला सामने आया है। लगभग 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति को बुधवार सुबह करीब 10:45 बजे राम मनोहर लोहिया अस्पताल के मेडिसिन विभाग में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार, पुलिस मरीज को अचेत अवस्था में अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसका शरीर का तापमान काफी ज्यादा पाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने तुरंत उसे इंट्यूबेट कर वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया।
मरीज की जान बचाने के लिए डॉक्टरों ने इमरजेंसी ट्रीटमेंट के तहत आइस-कोल्ड वाटर इमर्शन तकनीक का उपयोग कर शरीर का तापमान तेजी से कम करने की कोशिश की। फिलहाल उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और इलाज जारी है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि मरीज के साथ कोई परिजन मौजूद नहीं है, जिसके चलते उसकी पहचान और मेडिकल हिस्ट्री से जुड़ी जानकारी अभी तक सामने नहीं आ पाई है।

