ग्रेटर नोएडा में बंद घर में मिलीं 4 लाशें, दरवाजा तोड़ अंदर घुसी पुलिस; कैसे हुई मौत?

Rohit Kumar
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली एक घटना सामने आई है. यहां बंद कमरे में एक ही परिवार के चार लोगों के शव मिले हैं. इसमें दो पुरुष और दो महिलाएं हैं. सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

दरअसल, शाम के समय ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के तुस्याना गांव के एक घर में कमरे से गैस की बदबू आने के बाद पड़ोसियों ने मकान मालिक को सूचना दी. साथ ही खिड़की खोलकर देखा गया तो अंदर शव पड़े थे. इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. प्रथम दृष्टया कमरे के अंदर दम घुटने से मौत की संभावना जताई जा रही है.

घटना की जानकारी देते हुए डीसीपी सेंट्रल नोएडा सुनीति ने बताया कि तुस्याना गांव निवासी कपिल शर्मा ने पुलिस को सूचना दी थी. उसने बताया कि उनके एक कमरे में चार लोगों की मौत हो गई है. शव कमरे के अंदर पड़े हैं. इस पर पुलिस पहुंची और पाया कि दरवाजा अंदर से बंद था. कमरे से गैस की बदबू आ रही थी.

इसके बाद पुलिस ने वीडियोग्राफी करते हुए कैमरे का दरवाजा खोला और देखा कि एक ही परिवार के चार लोगों के शव पड़े थे. इनकी पहचान हाथरस के रहने वाले चंद्रेश पुत्र पप्पू, राजेश पुत्र पप्पू, निशा पत्नी चंद्रेश और बबली पुत्री पप्पू के रूप में हुई है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है. मृतकों के परिजनों को सूचित कर दिया गया है. आगे की कार्रवाई की जा रही है.

Share This Article
Leave a Comment