वर्षों पुराने विवाद ने लिया खूनी रूप, अधेड़ पर किया कुल्हाड़ी से वार, इलाज़ के दौरान मौत

Amit
2 Min Read

राजस्थान। जयपुर जिले के मौजमाबाद थाना क्षेत्र स्थित धमाना ग्राम पंचायत में मंगलवार सुबह ज़मीन के रास्ते को लेकर चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। वर्षों पुराना आपसी तनाव उस समय हिंसा में तब्दील हो गया, जब एक पक्ष के किसान बजरंग कसवां (50) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार, बजरंग कसवां और पड़ोसी रामेश्वर डूडी के परिवारों के बीच रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। मंगलवार सुबह करीब 9 बजे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी मारपीट में बदल गई। देखते ही देखते दोनों ओर से दर्जनों लोग लाठी, डंडे और धारदार हथियार लेकर भिड़ गए।

बजरंग पर किया कुल्हाड़ी से वार

संघर्ष के दौरान बजरंग कसवां के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया गया, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बावजूद हमलावरों ने उन पर लाठी-डंडों से वार जारी रखा। घटना की सूचना पर मौजमाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और झगड़े को शांत कराते हुए घायलों को अस्पताल भिजवाया।

इलाज़ के दौरान हुई बजरंग की मौत

पुलिस ने बताया कि छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि गंभीर रूप से घायल बजरंग को एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग हिंसक झड़प करते दिख रहे हैं।

पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है और दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment