विधवा बहू ने जमीन का टुकड़ा मांगा तो ससुर ने कुल्हाड़ी से काट दिया, फिर हो गया फरार

Rohit Kumar
2 Min Read

पूरनपुर। विवाद के बाद ससुर ने चारपाई पर सो रही पुत्रवधु पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ प्रहार कर हत्या कर दी। वारदात को लेकर मां के साथ सो रही मासूम बेटी सहम गई। घटना को अंजाम देकर खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर ससुर मौके से फरार हो गया। मृतका के भाई की ओर से पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया। दस माह पहले उसके पति की भी मौत हो चुकी है।

पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव उदयपुर खुर्द निवासी छोटे लाल का अपनी विधवा बहू ममता देवी 35 वर्ष से पिछले कई दिनो से विवाद चल रहा था। गुरुवार को महिला ने मामले की शिकायत कोतवाली में की थी। शुक्रवार को गांव पहुंची पुलिस ने अगले दिन फैसला करने की बात कही थी। शनिवार सुबह ममता अपनी मासूम बेटी सुनैना के साथ चारपाई पर सो रही थी। दो बेटे पड़ोस में सो रहे थे। आवेश में आकर छोटेलाल ने बहू को खींचकर चारपाई से नीचे गिरा दिया। इसके बाद सिर पर कुल्हाड़ी से तीन बार प्रहार कर दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति विनोद की भी अप्रैल 2022 में फंदे पर लटकने से मौत हुई थी। पति की मौत के बाद से वह कई माह अपने मायके नहरोसा में रह रही थी। 2 माह पहले ससुर ने 1000 रुपया प्रति माह खर्चा देने और पांच बीघा जमीन से हिस्सा देने की बात कहकर बुलाया था। 6 माह पहले आरोपी ने मृतका के पति के नाम दर्ज बाइक भी बेच दी थी। महिला जमीन सहित बाइक की रकम की मांग कर रही थी। कोतवाली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मृतका के भाई रामलड़ैते की ओर से पुलिस ने ससुर छोटेलाल, देवर सुखलाल, देवरानी सरिता, सास कृष्णा देवी, ननदोई हरिद्वारी लाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाल अशोक पाल ने बताया आरोपी की तलाश की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment