खुद की नौकरी छूटने पर पत्नी से कराना चाहता था देह व्यापार, इन्‍कार करने पर तीन तलाक देकर घर से निकाला

Rohit Kumar
2 Min Read

नौकरी से निकाले जाने के बाद बेरोजगार हुए युवक की आर्थिक स्थिति खराब होने पर उसने कर्ज का सहारा लेना शुरू कर दिया। कर्जदारों द्वारा अपने रुपयों की मांग करने पर चारों ओर से जब दबाव बढ़ने लगा तो युवक के दोस्त ने उसे पत्नी से देह व्यापार कराने को कहा। देर रात आरोपी व उसका दोस्त एक ग्राहक को लेकर आए और महिला के कमरे में उसको भेज दिया। विवाहिता ने संबंध बनाने से मना कर दिया। इस पर आरोपी ने उसकी पिटाई की और उसे तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया गया।

लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र की एक कॉलोनी निवासी युवती की शादी बुलंदशहर निवासी युवक से हुई थी। युवक एक कंपनी में नौकरी करता था। दंपती के करीब एक साल का बेटा है। करीब चार माह पहले युवक को नौकरी से निकाल दिया गया था। जिसके बाद उस पर करीब चार से पांच लाख रूपये का कर्ज हो गया। आरोप है कि कर्जदारों का तगादा बढ़ने पर आरोपित के दोस्त ने उसे पत्नी से देह व्यापार कराने की सलाह दी।

दुस्साहस दिखाते हुए उन्होंने एक ग्राहक से पैसे वसूल कर विवाहिता के कमरे में भेज दिया। जिसे देखकर महिला ने शोर मचा दिया। इससे आस-पड़ोस के लोग एकत्र हो गए। जिन्हें देखकर आरोपी घबरा गए और ग्राहक बनकर आए व्यक्ति को वहां से भगा दिया। महिला ने बताया कि विरोध करने पर उसके पति ने तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। एसएसपी रोहित सिंह सजवान ने बताया कि घटना बुलंदशहर जिले से संबंधित है। वहां पुलिस से बात की जा रही है। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया को मामले की जांच कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए है।

Share This Article
Leave a Comment