नोएडा- नोएडा के हिंडन पुल और फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (FNG) एक्सप्रेसवे को जोड़ने वाले ब्रिज रोड पर रविवार शाम एक भीषण हादसा हो गया। काली मां की मूर्ति विसर्जन के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अचानक अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से जा टकराई और पलट गई। हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 16 लोग घायल हुए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार छह लोग करीब 20 फीट नीचे जा गिरे। कई श्रद्धालु पलटी हुई पिकअप के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से सभी को बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान रंजीत (55) और वासुदेव (42) के रूप में हुई है।
एसीपी ट्विंकल जैन ने बताया कि सभी श्रद्धालु मूल रूप से पश्चिम बंगाल के निवासी हैं। ये लोग हिंडन नदी में मूर्ति विसर्जन के बाद पिकअप से लौट रहे थे। जब वाहन बिसरख पुल पार करके एफएनजी एक्सप्रेसवे की ओर बढ़ रहा था, तभी सामने से एक गाड़ी विपरीत दिशा में आ गई। टक्कर से बचने की कोशिश में चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन रेलिंग से टकरा गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। घायलों में चार लोगों के हाथ-पैर टूटने की सूचना है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
