गाजियाबाद में एक रात में ताबड़तोड़ तीन एनकाउंटर : पांच बदमाशों को गोलियां लगी, एक सिपाही भी घायल; PNB बैंक कैश लूट का खुलासा

Rohit Kumar
3 Min Read

गाजियाबाद में लगातार क्राइम के बाद लखनऊ तक फजीहत हुई, इसके बाद पुलिस एक्शन मोड में आई है। मंगलवार रात से लेकर बुधवार सुबह तक गाजियाबाद में तीन जगहों पर मुठभेड़ हुई हैं, इसमें पांच बदमाशों को गोलियां लगी हैं। एक मुठभेड़ में पुलिस ने पेट्रोल पंप के 25 लाख कैश लूट की वारदात में एक और बदमाश को पकड़ा है, जबकि पंजाब नेशनल बैंक में लूट वाली वारदात में दो बदमाश पकड़े गए हैं।

एसओजी टीम और मसूरी पुलिस की चितौड़ा जाने वाले रास्ते पर बुधवार सुबह मुठभेड़ हुई। इस दौरान सुंदर नाम के बदमाश के पैर में गोली लगी। वह कस्बा लोनी स्थित राजीव गार्डन का रहने वाला है। पुलिस ने उससे 7 लाख रुपए, बाइक और पिस्टल रिकवर की है। पुलिस ने बताया कि सुंदर का एक साथी मुकेश दो दिन पहले एनकाउंटर में पकड़ा जा चुका है, जिससे 10 लाख रुपए बरामद हुए थे।

पूछताछ में सुंदर ने बताया कि उसने मुकेश और नंदू के साथ मिलकर 28 मार्च को पेट्रोल पंप कर्मचारियों से गोविंदपुरम सी-ब्लॉक में 25 लाख रुपए कैश लूटा था। पेट्रोल पंप कर्मचारी आसिफ ने उन्हें इतना कैश इकट्ठा होने की सूचना दी थी। आपको बता दें कि आसिफ एक पुराने मामले में सरेंडर करके जेल जा चुका है। आज गिरफ्तार हुए सुंदर पर डकैती, लूट, चोरी, हत्या के प्रयास के 16 मुकदमे दिल्ली, गाजियाबाद और अन्य जिलों में दर्ज हैं।

गाजियाबाद में PNB (पंजाब नेशनल बैंक) की नूरनगर ग्रामीण शाखा में 2 अप्रैल को हुई करीब 12 लाख रुपए की लूट में पुलिस को बुधवार सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी है। सुबह करीब सवा पांच बजे नंदग्राम थाना क्षेत्र में नंदी पार्क के पास क्राइम ब्रांच और बदमाशों की मुठभेड़ हुई। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोलियां लगी हैं। घायल बदमाशों की पहचान रोबिन निवासी आदर्शनगर और हिमांशु उर्फ मोनी निवासी नंदग्राम के रूप में हुई है। दोनों से कुछ रकम भी बरामद हुई है। मेरठ रेंज के आईजी प्रवीण कुमार आज दोपहर 12 बजे पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस वारदात का खुलासा करेंगे।

विजयनगर थाना क्षेत्र में संतोष मेडिकल कॉलेज के पास मंगलवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने बबलू त्यागी नाम के व्यक्ति से सोने की चेन, अंगूठी लूट ली। इस दौरान बदमाशों ने फायरिंग भी की। बबलू त्यागी रात करीब साढ़े 11 बजे अपने रिश्तेदार के घर राहुल विहार जा रहे थे। लूट होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो तुरंत काम्बिंग शुरू कर दी गई।

सिद्धार्थ विहार के पास कुछ देर बाद ही पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में एक कांस्टेबल और दो बदमाशों को गोली लगी है। एसपी सिटी ने बताया कि दोनों बदमाश भारत तोमर निवासी बड़ौत और गिरि निवासी नंदग्राम हैं। उनसे अंगूठी, दो हजार रुपए, बाइक, तमंचा बरामद हुआ है।

Share This Article
Leave a Comment