उत्तरी हवाओं के चलने से तापमान में आई गिरावट, न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री किया गया दर्ज

Amit
2 Min Read

हरियाणा।  उत्तरी हवाओं के चलने से प्रदेश के रात के तापमान में गिरावट जारी है। शुक्रवार को हिसार में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विशेषज्ञ की मानें तो शनिवार को कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है।

मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि 4 दिसंबर को सक्रिय हुए कमजोर श्रेणी के पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद से हवाओं की दिशा बदलकर उत्तरी हो चुकी है। इस कारण से तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। शुक्रवार को भी तापमान में गिरावट का दौर जारी रहा। इस दौरान प्रदेश के न्यूनतम औसत तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट आई। डॉ. चंद्रमोहन के मुताबिक 7 दिसंबर को भी यह गिरावट जारी रहेगी।

हालांकि 8 दिसंबर को दोपहर बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से मध्य पंजाब पर एक कम दबाव का क्षेत्र बनेगा। विक्षोभ के आने से तापमान में उतार-चढ़ाव आएगा। 10 दिसंबर को यह विक्षोभ प्रदेश से आगे बढ़ जाएगा। इसके बाद 14 दिसंबर तक लगातार तापमान में फिर से गिरावट आएगी। वातावरण में नमी की मात्रा बढ़ने से कोहरा भी छा सकता है। इसके अलावा पाला जमने की भी संभावना रहेगी।

ऐसे बनती है शीतलहर की स्थिति

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जब न्यूनतम तापमान 4 डिग्री या इससे नीचे पहुंच जाए या फिर न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री कम हो जाए तो उस स्थिति में शीतलहर चलती है।

ये रहा तापमान

शहर-अधिकतम-न्यूनतम

अंबाला-23.6-11.4

हिसार-24.8-5.4

करनाल-23.5-6.5

नारनौल-25.5-8.8

रोहतक-21.7-10.1

सिरसा-25.5-9.6

Share This Article
Leave a Comment