हाथों में मेंहदी लगा दुल्हन करती रह गई इंतजार, मौसेरी बहन के साथ फरार हो गया दूल्हा

Rohit Kumar
2 Min Read

बरेली में नवाबगंज में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को निकाह से पहले धोखा दे दिया। हाथ पर मेहंदी रचाकर प्रेमिका अपने प्रेमी का बरात लाने का इंतजार करती रही, लेकिन प्रेमी अपनी मौसेरी बहन को लेकर चला गया। इसकी जानकारी होने पर प्रेमिका के अरमान आंसुओं में बह गए।

वहीं युवक के पिता ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर अपने साढ़ू के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। आरोप लगाया कि साढ़ू की शह पर यह सब हुआ है। थाना नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती और युवक के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के परिजन पहले तो उनके रिश्ते से खफा थे, लेकिन बाद में दोनों का निकाह कराने पर सहमत हो गए।

पहले ही निकाह से मुकर चुका था प्रेमी

प्रेमी के परिजनों ने युवती की गोद भराई कर जल्दी निकाह कराने की बात कही। इसी बीच प्रेमी निकाह करने से मुकर गया। इससे गुस्साए प्रेमिका के परिजनों ने थाना नवाबगंज में दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। इसके बाद हुई पंचायत में प्रेमी और उसके परिजन निकाह के लिए तैयार हो गए।

प्रेमी और उसके परिजनों ने बृहस्पतिवार को निकाह का दिन तय कर दिया। इधर, लड़की और उसके घरवालों को इसकी भनक नहीं लगी कि युवक के उसकी मौसेरी बहन से भी संबंध है। बृहस्पतिवार की शाम तक जब प्रेमी बरात लेकर नहीं पहुंचा तो प्रेमिका के परिजनों को चिंता सताने लगी।

प्रेमी के पिता ने थाने में दी तहरीर 

लड़की पक्ष को जानकारी मिली कि प्रेमी युवक बरखेड़ा (पीलीभीत) क्षेत्र की अपनी मौसेरी बहन को लेकर चला गया है। इस पर प्रेमिका और परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने लड़का पक्ष को कॉल कर गुस्सा जाहिर किया। इसके बाद प्रेमी के पिता ने थाना नवाबगंज में अपने साढ़ू के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

Share This Article
Leave a Comment