रंजिशन दूधमुंहे बीमार बच्चे को गोद से छीन कर फेंकने का आरोप, बच्चे की मौत

Rohit Kumar
2 Min Read

सहारनपुर. जिले में 11 माह के बच्चे को दवाई दिलाने जा रहा युवक से बाइक सवार चार युवकों ने बच्चा छीन लिया. युवकों ने बच्चे को सड़क पर पटक कर मौत के घाट उतार दिया. पीड़ित दंपत्ति ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. वहीं कोतवाली प्रभारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई होगी.

मिली जानकारी के अनुसार रविवार को ग्राम इशाकपुर चेची निवासी अमृतलाल पुत्र भागवत अपनी बहन के साथ अपने 11 माह के बच्चे को दवाई दिलाने सहारनपुर बाइक से जा रहा था. वह ग्राम कंबोह माजरा के निकट पहुंचे तो दो बाइक सवार चार युवकों ने उसकी बाइक रोक ली. उससे व उसकी बहन के साथ मारपीट करने लगे. युवकों ने उसकी बहन की गोद से 11 माह के बच्चे को छीन कर सड़क पर पटक दिया जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई.

इस घटना को राह चलते लोगों ने देखा तो वहां भीड़ इकट्ठी होना शुरू हो गई. भीड़ बढ़ती देख आरोपी मौके से फरार हो गए. पीड़ित दंपत्ति ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी. उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस ने बच्चे के शव को कब्ज में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटना के संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडे का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी.

Share This Article
Leave a Comment