विवेचना में लापरवाही पर एसएसपी की सख्ती, दो अधिकारी निलंबित, दो लाइन हाजिर

Amit
2 Min Read

नैनीताल। जिले में विवेचना कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पुलिस अधिकारियों पर एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा ने सख्त कार्रवाई की है। धारी चौकी इंचार्ज हरजीत सिंह राणा और मुखानी थाने के एडिशनल एसआई सत्यपाल सिंह को निलंबित कर दिया गया है, जबकि रामनगर कोतवाली के एसएसआई युनूस और छोई-क्यारी चौकी प्रभारी तारा सिंह राणा को लाइन हाजिर किया गया है।

विवेचकों की बैठक में फटकार
बुधवार को पुलिस बहुउद्देशीय भवन में एसएसपी ने सभी विवेचकों की बैठक बुलाई। इस दौरान लंबित विवेचनाओं को लेकर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि अनावश्यक देरी करने वाले अफसरों की जवाबदेही तय की जाएगी और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

गुमशुदगी के मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश
बैठक में गुमशुदा व्यक्तियों से संबंधित विवेचनाओं पर विशेष ध्यान देने की बात कही गई। एसएसपी ने सभी संबंधित पोर्टलों पर डाटा अपडेट करने और उसे विवेचना प्रक्रिया का हिस्सा बनाने के निर्देश दिए।

विवेचना में पारदर्शिता और समयबद्धता पर जोर
एसएसपी मीणा ने कहा कि विवेचनाओं को समयबद्ध रूप से निपटाया जाए और अनावश्यक पत्राचार अथवा अदालती कार्यवाही को भी शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने सीओ रैंक के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से विवेचनाओं की समीक्षा करें और जो अधिकारी कार्य में लापरवाही कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार करें।

बैठक में अधिकारी रहे मौजूद
इस अहम बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, सीओ दीपशिखा अग्रवाल, सीओ नितिन लोहनी, सुमित पांडे समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment