होटल अधिकारी पर गंभीर आरोप, महिला की तहरीर पर एफआईआर दर्ज

Amit
2 Min Read

पीड़िता का मेडिकल परीक्षण में दुष्कर्म की पुष्टि, आरोपी फरार

हल्द्वानी। दिल्ली से हल्द्वानी आई एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी से जुड़ी युवती ने शहर के एक होटल के महाप्रबंधक (GM) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का दावा है कि पेशेवर संबंधों के जरिए जान-पहचान में आए होटल अधिकारी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

मूल रूप से रामनगर के सावल्दे गांव का रहने वाला रोहित बेलवाल नामक व्यक्ति, वर्तमान में हल्द्वानी के नैनीताल रोड पर स्थित एक होटल में जीएम के पद पर कार्यरत है। पीड़िता ने बताया कि रोहित से उसकी पहचान उस वक्त हुई थी जब वह रामनगर के एक रिजॉर्ट में इवेंट के सिलसिले में गई थी। इसके बाद भी दोनों के बीच कामकाजी संपर्क बना रहा और रोहित ने उसे हल्द्वानी में एक इवेंट के लिए आमंत्रित किया।

युवती अपनी एक सहेली के साथ मंगलवार को हल्द्वानी पहुंची। दोनों को एक होटल में ठहराया गया, लेकिन रात में घटनाक्रम बदल गया। पीड़िता के अनुसार, रोहित ने नशे की हालत में जबरन उसके कमरे में घुसकर पहले शराब पी और फिर उसके साथ जबरदस्ती की। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी के प्रभारी अनिल कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि आईपीसी की दुष्कर्म संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आरोपी की तलाश जारी है।

Share This Article
Leave a Comment