14 वर्षीय किशोरी से वहशी ने किया दुष्कर्म, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

Amit
2 Min Read

बरेली। परिवार के साथ पूर्णागिरि से लौट रही एटा की 14 वर्षीय किशोरी से बरेली सिटी स्टेशन के पास किसी वहशी ने दुष्कर्म किया। सूचना पर जीआरपी ने उसे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे निजी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बरेली सिटी स्टेशन के आरपीएफ स्टाफ के मुताबिक, बृहस्पतिवार रात साढ़े नौ बजे एक किशोरी बदहवास अवस्था में उनके पास आई और बताया कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ है। आरपीएफ की सूचना पर जीआरपी की टीम किशोरी को लेकर जिला महिला अस्पताल पहुंची। एसपी जीआरपी भी मुरादाबाद से बरेली आ गए। तब तक किशोरी के पिता भी अस्पताल पहुंच गए।

एसपी की मौजूदगी में महिला पुलिस कर्मियों ने किशोरी के बयान दर्ज किए। उसने बताया कि पिता, मौसी व रिश्तेदारों के साथ वह ट्रेन से पूर्णागिरि मेले से लौट रही थी। सिटी स्टेशन पर ट्रेन रुकी तो पिता कुछ सामान लेने नीचे उतरे। ट्रेन चलने लगी तो उसमें सवार होने की कोशिश में उनका पैर फिसल गया। वह स्टेशन पर ही छूट गए। यह देखकर किशोरी भी ट्रेन से कूद गई।

किशोरी ने एसपी को बताया कि वह प्लेटफॉर्म से आगे आउटर पर गिरी। वहां मिले वहशी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। एसपी ने बताया कि किशोरी की हालत में सुधार होने पर उससे आरोपी के हुलिये की जानकारी लेंगे। तब तक जीआरपी टीम स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी की तलाश में जुटी है।

Share This Article
Leave a Comment