घरेलू विवाद में पुजारी ने पत्नी की हत्या की, बेटी के सामने दिया वारदात को अंजाम

Amit
2 Min Read

नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के केशवपुरम इलाके से घरेलू कलह के बीच हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ शिव मंदिर के पुजारी दिनेश शर्मा (42) ने शनिवार देर रात गुस्से में आकर अपनी पत्नी सुषमा शर्मा (40) की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के समय उनकी 11 साल की बेटी कमरे में सो रही थी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद आरोपी ने पुलिस को फोन कर झूठी सूचना दी कि उसकी पत्नी ने खुदकुशी कर ली है। मौके पर पहुँची पुलिस को कमरे की स्थिति देखकर शक हुआ। पूछताछ में जब पुलिस ने सख्ती दिखाई, तो आरोपी ने अपना अपराध कबूल कर लिया।

डीसीपी (उत्तर-पश्चिम) भीष्म सिंह ने बताया कि आरोपी दिनेश शर्मा अपने छोटे भाई के मकान की चौथी मंजिल पर परिवार के साथ रहता था और कन्हैया नगर के शिव मंदिर में पुजारी था। शनिवार रात करीब 1 बजे पुलिस को महिला की आत्महत्या की सूचना मिली थी।

मौके पर पहुँची टीम ने पाया कि कमरे का दरवाजा खुला था और महिला फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ी थी, जबकि पास के बिस्तर पर बेटी सो रही थी। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पूछताछ में दिनेश ने बताया कि उसकी पत्नी अक्सर छोटी-छोटी बातों पर विवाद करती थी। शनिवार रात भी कहासुनी के दौरान गुस्से में उसने पहले पत्नी का मुँह तकिए से दबाया, फिर गमछे से गला घोंट दिया।

पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में आक्रोश है। पुलिस ने बच्ची की काउंसलिंग की व्यवस्था की है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment