युवती की गला रेतकर की हत्या, मामले की जांच में जुटी पुलिस

Amit
2 Min Read
हरियाणा। रेवाड़ी में युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। रामगढ़-कुंभावास रोड पर मंगलवार की दोपहर एक युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवती का गला तेजधार हथियार से रेता गया है। सूचना के बाद एसपी गौरव राजपुरोहित व डीएसपी सिटी पवन कुमार भी मौके पर पहुंचे। हालांकि, युवती की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी हुई है। मौके एफएसएल की टीम भी पहुंची।
पुलिस के मुताबिक मृतक युवती की उम्र करीब 22 से 24 साल है। लड़की ने ब्वॉय कटिंग कराई हुई है। पहने हुए कपड़ों से युवती अच्छे घर की लग रही है। हालांकि, अभी ये साफ नहीं हो पाया कि लड़की की हत्या इसी जगह की गई या फिर शव यहां लाकर फेंका गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। साथ ही युवती की शिनाख्त को लेकर प्रयास शुरू कर दिए हैं।
दोपहर बाद पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना मिली की रामगढ़-कुंभावास रोड पर नहर के समीप एक युवती की लाश पड़ी हुई है। सूचना के तुरंत बाद सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे। युवती का गला तेजधार हथियार से रेता हुआ था। एसएचओ ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी। सूचना के बाद पहले डीएसपी सिटी पवन कुमार और उसके बाद एसपी गौरव राजपुरोहित पहुंचे।
डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि राहगीर से सूचना मिली थी कि एक लड़की की डेडबॉडी नहर किनारे कच्चे रास्ते पर पड़ी हुई है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का लग रहा है। पुलिस टीमें पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल शिनाख्त को लेकर प्रयास किए जा रहे हैं।
Share This Article
Leave a Comment