विवाद सुलझाने गए सरपंच की हत्या की, जांच में जुटी पुलिस

Amit
2 Min Read

मधेपुरा। सरपंच की हत्या कर दी गई। कारण बस इतना था कि सरपंच घनश्याम शर्मा (52) अपने बड़े भाई के पौत्र और पौत्रवधू के बीच का विवाद सुलझाने गए थे। विवाद देखते ही देखते खूनी खेल में बदल गया। सनकी पोते ने ही सिर पर वारकर सरपंच को मार डाला। घटना मधेपुरा जिले के भर्राही थाना क्षेत्र के धुरगांव पंचायत की है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।

बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात सरपंच घनश्याम शर्मा के बड़े भाई के पोते गुड्डू कुमार और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो रही थी। यह विवाद जल्द ही मारपीट में बदल गया। गुड्डू और उनकी पत्नी के बीच झगड़ा बढ़ता देख सरपंच घनश्याम शर्मा बीच-बचाव करने पहुंचे। उन्होंने गुड्डू को समझाने की कोशिश की और झगड़ा शांत करने का प्रयास किया।

मृत घनश्याम शर्मा के भतीजा चंदन कुमार ने बताया कि गुस्से में आकर गुड्डू कुमार ने धारदार दबिया से सरपंच के सिर पर वारकर दिया। जोरदार प्रहार से घनश्याम शर्मा अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े। घर के लोग और ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सरपंच को आननफानन में सदर अस्पताल लेकर गए। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया।

Share This Article
Leave a Comment