नशे के लिए रुपये न देने पर बेटे ने की मां की हत्या, शव को गद्दे में लपेटकर जलाया

Amit
2 Min Read

हरबर्टपुर। रामबाग इलाके में अधजले महिला शव मिलने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। नशे के लिए रुपये न मिलने पर बेटे मनमोहन सिंह ने अपनी मां सुरेशो देवी उर्फ वंदना राणा (51) की हत्या कर दी और शव को गद्दे में लपेटकर जला दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि दो अगस्त की दोपहर पुलिस को रामबाग स्थित एक मकान में आग लगने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के कमरे में एक महिला का अधजला शव पाया। बेड और सोफा आधा जला हुआ था, जबकि किचन में गैस सिलिंडर सुरक्षित मिला और बिजली की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कोई निशान नहीं थे।

मृतका के पति ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा मनमोहन नशे का आदी है और अक्सर पैसों को लेकर मां से झगड़ा करता था। घटना के बाद से वह फरार था। संदेह के आधार पर पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से बुधवार को आरोपी को कुल्हाल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि हत्या के बाद वह अलमारी से 30 हजार रुपये लेकर बाइक से फरार हो गया और हत्या में प्रयुक्त पाठल को ढालीपुर के पास फेंक दिया।

पुलिस के अनुसार मनमोहन सिंह पहले भी ड्रग्स बेचने और अवैध हथियार रखने के मामलों में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

Share This Article
Leave a Comment