मथुरा में कथावाचक अनिरुद्धाचार्य को दी जान से मारने की धमकी, एक करोड़ रुपये मांगे, लिखा आश्रम उड़ा देंगे

Rohit Kumar
2 Min Read

मथुरा. मथुरा कोतवाली क्षेत्र के संत कॉलोनी स्तिथ गौरी गोपाल धाम निवासी प्रख्यात कथावाचक अनिरुद्धाचार्य को धमकी भरा पत्र मिला है. पत्र में एक करोड़ की रंगदारी न देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहने की धमकी दी गई है. धमकी और एक करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले की एफआईआर वृंदावन कोतवाली में दर्ज करा दी गई है.

पत्र लिखने वाले ने लिखा है कि ‘हम तुम्हारा आश्रम उड़ाने के लिए वृंदावन आये है. अगर एक सप्ताह के अंदर एक करोड़ रुपये न दिए तो आश्रम को उड़ा देंगे. हम नहीं चाहते कि आश्रम में कई लोगों की मौत हो.’ पत्र में आगे लिखा है कि हमारे पांच आदमी आप पर नजर रखे हुए हैं, जो हथियारों से लैस हैं. हमें पता है आप कब क्या कर रहे हैं. इसलिए जब आपके पास पैसे तैयार हों, तो पंडाल पर जहां राधे लिखा है, वहां कृष्ण लिख देना. हमारे आदमी समझ जाएंगे पैसे तैयार है. आगे की जानकारी अगले पत्र में दी जाएगी.

कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने अपनी तहरीर में लिखा है कि पहले भी कई बार फोन पर उन्हें धमकी मिली हैं. लेकिन, इस पत्र से उन्हें जान का खतरा बन गया है. पत्र लिखने वाले ने अपना नाम संजय निवासी मंडी पनवेल महाराष्ट्र लिखा है. फिलहाल पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की तफ्तीश में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा.

Share This Article
Leave a Comment