महिला पत्रकार से मोबाइल झपटने वाला नाबालिग पकड़ा, 300 कैमरों से मिला सुराग

News Desk
3 Min Read

नई दिल्ली। एक न्यूज एजेंसी की महिला पत्रकार के साथ बारापुला फ्लाईओवर पर झपटमारी करने के मामले में दक्षिण-पूर्वी जिला के स्पेशल स्टाफ ने एक नाबालिग को दबोच लिया है। नाबालिग के पास से पीड़िता का झपटे गए मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब वारदात में शामिल एक अन्य बदमाश की तलाश में छापेमारी कर रही है।

पुलिस टीम ने करीब 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच करने के बाद नाबालिग झपटमार की पहचान कर उन्हें शुक्रवार को कोटला मुबारकपुर से दबोच लिया। झपटमारी के दौरान स्कूटी का संतुलन खोने से महिला पत्रकार सड़क पर गिर गई थी जिससे उनके शरीर में गंभीर चोटें आई थीं।

क्या है पूरी घटना?

पुलिस अधिकारी का कहना है कि महिला पत्रकार मूलरूप से लखनऊ की रहने वाली है, लेकिन दिल्ली में वह अपने एक रिश्तेदार के साथ मयूर विहार में रहती है। बीते शनिवार की शाम ड्यूटी खत्म होने के बाद वह संसद मार्ग, आकाशवाणी भवन के पास स्थित अपने न्यूज एजेंसी के कार्यालय से मयूर विहार फेज एक स्थित अपने घर जाने के लिए स्कूटी से निकली थी।

शाम करीब पौने आठ बजे जब वह बारापुला फ्लाईओवर पर थी तभी पीछे से तेज रफ्तार से आए एक बाइक सवार ने पहले उन्हें ओवरटेक किया और बाद में उसके पीछे-पीछे चलना शुरू कर दिया। स्पोटर्स बाइक पर दो बदमाश सवार थे, दोनों हेलमेट पहने हुए थे।

कुछ दूर तक पीछा करने के बाद बदमाशों को जब लगा कि पीछे की तरफ से अधिक गाड़ियां नहीं आ रही हैं तब बेहतर मौका देखकर बाइक पर पीछे बैठे एक बदमाश ने उनके हाथ से मोबाइल झपट लिया।

वारदात के दौरान वह एक हाथ से कान में मोबाइल सटाकर बात करते हुए तेज रफ्तार में स्कूटी चलाते हुए घर जा रही थी। मोबाइल झपटने पर महिला पत्रकार का संतुलन बिगड़ गया जिससे वह सड़क पर गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गई। उनके दोनों हाथों में फ्रैक्चर आने के साथ ही पैरों व शरीर के अन्य हिस्से में भी गंभीर चोटें आईं। उनके कपड़े फट गए, कई दांत भी टृट गए और स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई।

राहगीरों ने तुरंत पुलिस को घटना के बारे में पीसीआर को सूचना दी जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती करा दिया गया। वह वहां कई दिनों तक भर्ती रहीं। अस्पताल से छुट्टी होने के बाद वह लखनऊ चली गई। बताया जा रहा है कि वहां उनका किसी चीज की सर्जरी होना है।

उधर, कोटला मुबारकपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जिला पुलिस के अलावा क्राइम ब्रांच को भी जांच में लगा दिया गया था। जिले के स्पेशल स्टाफ को एक नाबालिग को पकड़ने में कामयाबी मिली।

Share This Article
Leave a Comment