दिल्ली में मेडिकल छात्रा से होटल में दुराचार का आरोप, ब्लैकमेलिंग की भी शिकायत

Amit
2 Min Read

 नई दिल्ली- उत्तर दिल्ली के आदर्श नगर क्षेत्र में एक मेडिकल छात्रा के साथ गंभीर आपराधिक घटना का मामला सामने आया है। हरियाणा की रहने वाली पीड़िता ने आरोप लगाया है कि उसके एक पुराने परिचित ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर होटल में शारीरिक शोषण किया, और फिर आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करता रहा।

स्कूल के परिचित के संपर्क में आई थी पीड़िता

पीड़िता हरियाणा के हिसार की निवासी है और दिल्ली के एक प्रतिष्ठित कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। एफआईआर के मुताबिक, आरोपी भी हिसार से ही है और दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।

छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उसकी जान-पहचान स्कूल के समय से थी, और हाल ही में दोनों के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से दोबारा बातचीत शुरू हुई। इसके बाद 9 सितंबर को आरोपी ने उसे आदर्श नगर स्थित एक होटल में मिलने के लिए बुलाया, जहां आरोपी के दो दोस्त भी मौजूद थे।

नशा देकर किया शोषण, वीडियो बनाकर दी धमकी

छात्रा का आरोप है कि होटल में उसे एक नशीला पेय पदार्थ दिया गया, जिसे पीने के बाद वह बेहोश हो गई। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ जबरन संबंध बनाए और पूरे घटनाक्रम की वीडियो और तस्वीरें भी रिकॉर्ड कर लीं।

इसके बाद, वह इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर छात्रा को बार-बार ब्लैकमेल करता रहा और उसका शारीरिक शोषण करता रहा।

परिजनों को बताने पर हुआ खुलासा

घटना से मानसिक रूप से परेशान छात्रा ने आखिरकार 3 अक्टूबर को अपने परिजनों को पूरी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया और आदर्श नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। प्राथमिकी दर्ज होते ही आरोपी फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।

Share This Article
Leave a Comment