फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव, ससुरालवालों ने नहीं दी पुलिस को घटना की जानकारी

Amit
2 Min Read

बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के परसा लंगड़ा गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। उसका शव फंदे से लटकता मिला। सूचना पर फोरेंसिक टीम के साथ पहुंची पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। 28 वर्षीय कुसुम अपनी सास हासिया देवी एवं ससुर फूलराम के साथ ससुराल में रहती थी। जबकि उसका पति अपनी पहली पत्नी के साथ मुंबई रहता है। स्वजन के अनुसार वह रात में खाना खा कर अपने कमरे में सोने चली गई। सुबह जब वह काफी देर तक नहीं जगी तो दरवाजा खोलकर देखा तो उसका शव छत की कुंडी से लटक रहा था।

दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। स्वजन ने इस बात की सूचना पुलिस को नहीं दी गई और शव को नीचे उतार दिया। कुसुम एक सप्ताह पूर्व ही मायके से ससुराल आई थी। दिवंगत का मायका सोनहा थाना क्षेत्र के द्वारिकाचक गांव में है। उसने आठ माह पहले अरविंद से दूसरी शादी की थी। उसकी पहली शादी शादी शेरवाडीह गांव में हुई थी। उसके पहले पति की मृत्यु हो गई थी। दोनों से छह वर्षीय पुत्र आर्यन है। वह ननिहाल में रहता है। दिवंगत का पति भी शादीशुदा है।

वह अपने पहले पत्नी के साथ मुंबई रहता है। दिन भर दोनों पक्षों के बीच समझौते की बात चलती रही। इस बात की सूचना चौकीदार द्वारा भी पुलिस को नहीं दी गई। बात न बनने पर मायके पक्ष द्वारा शाम को घटना की सूचना पुलिस को दी गई। प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि मृत्यु का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment