पत्रकार पंकज मिश्रा हत्याकांड में बड़ा खुलासा, एक पत्रकार समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

देहरादून: स्वतंत्र पत्रकार पंकज मिश्रा की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पत्रकार समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पत्रकार अमित सहगल और उसके मुंबई निवासी साथी पार्थोशील को हिरासत में लिया। इससे पहले दोनों से पूरे दिन लंबी पूछताछ की गई, जिसमें कई अहम जानकारियां सामने आईं।

जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी घटना से एक दिन पहले पंकज मिश्रा के घर पहुंचे थे, जहां उनके साथ कहासुनी के बाद मारपीट हुई थी। आरोप है कि जाते समय दोनों आरोपी पंकज मिश्रा और उनकी पत्नी के मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए थे। पुलिस ने हत्या, घर में घुसकर हमला करने और मोबाइल चोरी जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के अनुसार, मंगलवार सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि दून विहार इलाके में एक व्यक्ति बेहोशी की हालत में पड़ा है। राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि मृतक स्वतंत्र पत्रकार पंकज मिश्रा हैं, जो उस मकान में किराए पर रह रहे थे। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

पहले पोस्टमार्टम में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए, जिसके चलते परिजनों की मांग पर डॉक्टरों के पैनल द्वारा दोबारा पोस्टमार्टम कराया गया। चिकित्सकों ने विसरा सुरक्षित रखने की सलाह दी है, ताकि मौत की असली वजह का पता लगाया जा सके।

पुलिस के मुताबिक, मृतक के भाई अरविंद मिश्रा और अन्य परिजनों ने बताया कि सोमवार रात अनारवाला कैंट निवासी अमित सहगल और उसका दोस्त पार्थोशील पंकज मिश्रा के घर आए थे। दोनों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और मारपीट के बाद मोबाइल फोन लेकर चले गए थे।

इस मामले में आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम की जांच के साथ-साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि अमित सहगल एक ऑनलाइन न्यूज पोर्टल का संचालन भी करता है।

Share This Article
Leave a Comment