देहरादून और ऋषिकेश में तीन बिल्डर के ठिकानों पर आयकर के छापे, कई दस्तावेज किए जब्त

Rohit Kumar
2 Min Read

देहरादून: वित्तीय गड़बड़ी और टैक्स चोरी के मामले में आयकर विभाग ने देहरादून और ऋषिकेश में तीन बिल्डरों के ठिकानों पर छापेमारी की. तीनों बिल्डर देहरादून से ही संबंधित हैं और इनमें से एक का दफ्तर ऋषिकेश में भी है. छापेमारी की कार्रवाई आयकर विभाग के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कानपुर के निर्देश पर की गई है.

बताया जा रहा है कि देहरादून में प्रधान आयकर आयुक्त राम मोहन तिवारी और अपर आयकर आयुक्त अमर सिंह राणा टीम का नेतृत्व कर रहे हैं. टीम ने देहरादून में एसएस कंस्ट्रक्शन, स्टोन फील्ड कंस्ट्रक्शन और भारत कंस्ट्रक्शन के पाम सिटी स्थित दफ्तर और एक टीम राजपुर रोड पर स्टोन फील्ड के दफ्तर में कार्रवाई करने पहुंची. साथ ही संचालकों के घरों में भी छापेमारी की गई. इनमें से एसएस कंस्ट्रक्शन के ऋषिकेश स्थित दफ्तर में भी कार्रवाई की गई है. जानकारी के अनुसार आयकर विभाग की टीम ने देर रात तक इनके ठिकानों पर मौजूद थी. बताया जा रहा है कि कार्रवाई शनिवार यानि आज भी जारी रह सकती है. आयकर विभाग ने कई दस्तावेज इन ठिकानों से बरामद किए हैं. आयकर विभाग की इस कार्रवाई के बाद अन्य बिल्डरों में भी हड़कंप मचा हुआ है.

बता दें कि एसएस कंस्ट्रक्शन, स्टोन फील्ड कंस्ट्रक्शन और भारत कंस्ट्रक्शन के संचालकों द्वारा करोड़ों रुपए की टैक्स चोरी करने की बात कही जा रही है. जिसके बाद आयकर विभाग ने छापेमारी की कार्रवाई की है. वहीं आयकर विभाग के प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त कानपुर के निर्देश पर सभी बिल्डरों पर छापेमारी की कार्रवाई की गई है. एसएस कंस्ट्रक्शन के ऋषिकेश श्यामपुर स्थिति ऑफिस पर आयकर टीम काफी देर तक पड़ताल की. बताया जा रहा है कि टीम ने सभी बिल्डरों के ऑफिस और घरों से दस्तावेज खंगाले हैं.

Share This Article
Leave a Comment