ग्रेटर नोएडा में हार्डवेयर इंजीनियर ने कार में जहरीला पदार्थ खाकर दी जान, पुलिस कर रही जांच

Amit
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा: ईकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब शुक्रवार दोपहर एक हार्डवेयर इंजीनियर अखिल शुक्ला (36) की ऑल्टो कार में बेहोश हालत में मिलने की सूचना मिली। राहगीरों की सतर्कता के चलते पुलिस मौके पर पहुंची और शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई।

अखिल शुक्ला, मूल रूप से सिकंदरपुर, कन्नौज के निवासी थे और अरीना सोसाइटी, ग्रेटर नोएडा में पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। सेक्टर-63 में उनका हार्डवेयर सामान की खरीद-फरोख्त से संबंधित व्यापार था। शुक्रवार को वे घर से कंपनी जाने के लिए निकले थे, लेकिन दोपहर करीब ढाई बजे उन्हें गौतमबुद्ध बालक इंटर कॉलेज के पास कार में बेहोश पाया गया।

पुलिस ने बताया कि अखिल ने संभवतः जहरीला पदार्थ खा लिया था, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। राहगीरों द्वारा दी गई सूचना पर पुलिस ने शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और तुरंत बिसरख सीएचसी ले जाया गया। इलाज के दौरान उन्होंने एक दोस्त का नंबर दिया, जिसके माध्यम से परिजनों को सूचित किया गया। हालत बिगड़ने पर उन्हें जिला अस्पताल सेक्टर-39 नोएडा रेफर किया गया, जहां उनकी मृत्यु हो गई।

पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमॉर्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। अब तक परिजनों ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों से आत्महत्या के कारणों को जानने का प्रयास कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment