हरियाणा विधानसभा चुनाव- बसपा ने चार उम्मीदवारों के नाम किये घोषित, जल्द करेगी अन्य उम्मीदवारों की घोषणा 

Amit
2 Min Read

हरियाणा।  हरियाणा विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। भाजपा, कांग्रेस व आप जैसे बड़े राजनीतिक दल प्रदेश की 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारने के लिए मंथन कर रहे हैं। वहीं इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के साथ मिलकर हरियाणा में चुनाव लड़ रही बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने उम्मीदवारों की घोषणा भी कर दी है। बड़े दलों से पहले इनेलो-बसपा ने उम्मीदवार तय करने में पहले बाजी मारी है।

हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने चार उम्मीदवारों के नामों का एलान कर दिया है। बसपा इनेलो के साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रही है। प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल तिगरा के मुताबिक जगाधरी से दर्शन लाल खेड़ा, असंध से गोपाल सिंह राणा, नारायणगढ़ से हरबिलास सिंह और अटेली से ठाकुर अत्तर लाल को उतारा गया है। बताया जा रहा है कि हरबिलास शर्मा एक दिन पहले जजपा छोड़ बसपा में शामिल हुए थे।

उल्लेखनीय है कि पिछले महीने इनेलो और बसपा के बीच विधानसभा चुनाव लड़ने को लेकर गठबंधन हुआ था। इसके मुताबिक 53 सीटों पर इनेलो और 37 सीटों पर बसपा अपने उम्मीदवार उतारेगी। इसी के तहत बसपा ने मंगलवार को अपने चार उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। उधर, इनेलो भी अपने उम्मीदवार घोषित करने की तैयारी में है। बसपा प्रदेश अध्यक्ष धर्मपाल तिगरा ने बताया, बहुत जल्द पार्टी अन्य उम्मीदवारों की भी घोषणा कर देगी।

Share This Article
Leave a Comment