भ्रष्टाचार के आरोप में अधिशासी अभियंता बर्खास्त, ठेकेदार से रुपये मांगने का आडियो हुआ था वायरल

Rohit Kumar
1 Min Read

ठेकेदार से धनउगाही के आरोप में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम गोमती नगर लखनऊ में तैनात रहे अधिशासी अभियंता विजय शंकर जौहरी को उ.प्र. पावर कारपोरेशन के चेयरमैन एम. देवराज ने सेवा से बर्खास्त कर दिया है। एक अप्रैल 2021 को एक न्यूज चैनल पर प्रसारित आडियो के बाद प्रबंधन के संज्ञान में यह मामला आया था।

इस मामले की जांच के दौरान जौहरी ने जांच समिति को बताया था कि आडियो में जो आवाज सुनाई दे रही है वह उनकी नहीं है। प्रबंधन ने आडियो की फारेंसिक जांच कराई जिसमें आवाज जौहरी की ही है इसकी पुष्टि हुई। उक्त आडियो की बातचीत में निदेशक (वित्त) के नाम पर ठेकेदार से अवैध रूप से धन मांगे जाना रिकार्ड है। इस मामले के संज्ञान में आने पर उन्हें एक अप्रैल 2021 को ही निलंबित करते हुए उन्हें अधीक्षण अभियंता विद्युत वितरण मंडल प्रथम मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया था। जांच समिति की संस्तुति के आधार पर जौहरी को सेवा से बर्खास्त करने का निर्णय चेयरमैन ने लिया है।

Share This Article
Leave a Comment