उपमुख्यमंत्री पाठक ने किया श्रीराम मंदिर में श्रमदान

Rohit Kumar
3 Min Read

लखनऊ: भगवान राम की नगरी अयोध्या में रामलला के दिव्य भव्य मंदिर का निर्माण कार्य तेजी से हो रहा है। मंदिर का कार्य आधे से भी ज्यादा लगभग पूरा हो चुका है। शनिवार को अयोध्या पहुंचे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राम मंदिर जाकर राम लला के दर्शन किये। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने निर्माण कार्य का जायजा लिया तो वहीं ईंट को सिर पर उठाकर निर्माण कार्य स्थल तक पहुंचाकर श्रमदान भी किया। वहीं उपमुख्यमंत्री ने मंदिर के निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों से बातचीत कर अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति भी जानकारी ली।

इस दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। जो अपने तय समय सीमा से पहले पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि उसके बाद श्री रामलला को गर्भगृह में विराजित कर दिया जाएगा। जिसके बाद भक्तगण दर्शन व पूजा कर सकेंगे। इसके साथ ही ब्रजेश पाठक ने कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण प्रभु बजरगंबली और रामलला की इच्छा से हो रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के प्रयासों से मंदिर निर्माण कराया जा रहा है। दुनिया के सभी लोग जो भारतीय परंपरा से जुड़े हैं, वे अयोध्या आकर प्रभु श्रीराम जी के दर्शन कर सकेंगे।

अयोध्या भारत ही नहीं बल्कि दुनिया भर के लोगों के लिए एक बहुत बड़े पर्यटक स्थल के रूप में विकसित हो रहा है। इससे यूपी के विकास और पर्यटन को रफ्तार देने में मदद मिलेगी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि अयोध्या में तेजी व सुनियोजित तरीके से विकास कार्य हो रहा है। अगले एक साल के भीतर अयोध्या वास्तव में एक सुंदरतम नगरी के रूप में देश और दुनिया के सामने होगी। उन्होंने अधिकारियों से विभिन्न परियोजनाओं की गुणवत्ता बनाए रखने और लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए हैं। बता दें, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक अयोध्या से बीजेपी प्रत्याशी गिरीश पति त्रिपाठी के समर्थन में आयोजित प्रबुद्ध जन सम्मेलन को संबोधित करने के लिये शनिवार को राम की नगरी अयोध्या पहुंचे थे।

Share This Article
Leave a Comment