मुख्‍यमंत्री योगी आद‍ित्‍यनाथ बोले- आजादी के अमृत महोत्सव पर प्रदेश में फहराए जाएंगे तीन करोड़ 18 लाख तिरंगे, हर गांव हर घर होगा उत्‍सव

Rohit Kumar
2 Min Read

लखनऊ: यूपी में स्‍वतंत्रता दिवस के मौके पर ‘हर घर तिरंगा’ (har ghar tiranga) कार्यक्रम चलाया जाएगा, इस दौरान पूरे राज्‍य में 3.18 करोड़ तिरंगे फहराए जाएंगे। सीएम योगी आदित्‍यनाथ (yogi adityanath) ने कहा है कि 13 से 15 अगस्‍त के बीच होने वाले इस कार्यकम की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। योगी ने आजादी के अमृत महोत्सव के संबंध में आयोजित एक वीडियो कॉन्‍फ्रेंस में यह जानकारी दी।

उन्‍होंने कहा कि आगामी 11 से 17 अगस्त तक चलने वाले ‘स्वतंत्रता सप्ताह’ के क्रम में उत्तर प्रदेश सरकार ने 13 से 15 अगस्त के बीच ‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम के लिए अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रदेश में कुल तीन करोड़ 18 लाख तिरंगे फहराए जाएंगे, इनमें से दो करोड़ 68 लाख तिरंगे घरों में लगाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि वहीं, 50 लाख तिरंगों को प्रदेश में सरकारी कार्यालयों, गैर-सरकारी कार्यालयों एवं अन्य वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में फहराया जाएगा। योगी ने कहा कि इसके अलावा एक झण्डा गीत ‘जयघोष’भी तैयार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 31 जुलाई तक सभी जिला मुख्यालयों को तिरंगे भेज दिए जाएंगे और राज्य के हर विद्यालय, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र और आंगनबाड़ी केन्द्रों पर भी तिरंगा वितरण केन्द्र बनाये जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के कुटीर, लघु एवं मध्यम उद्योग विभाग द्वारा दो करोड़ झंडों की खरीद की प्रक्रिया जेम पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। वहीं, एक करोड़ 18 लाख तिरंगे प्रदेश में स्वयं सहायता समूहों, गैर सरकारी संगठनों और निजी सिलाई केन्द्रों इत्यादि के माध्यम से बनाए जा रहे हैं।

Share This Article
Leave a Comment