गाजियाबाद। गाजियाबाद में राजनगर एक्सटेंशन में निवेशकों से ठगी के मामले में राइट अर्थ इन्फ्रा के निर्माणकर्ता पर एक और केस दर्ज किया गया है।
राजनगर एक्सटेंशन निवासी निवेशक की शिकायत पर 1.15 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में बिल्डर समेत सात लोगों के खिलाफ नंदग्राम थाने में केस दर्ज किया गया है।
पुलिस से शिकायत की
केडीपी ग्रैंड सवाना सोसाइटी निवासी अर्पित त्यागी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह राइट अर्थ इन्फ्रा कंपनी के मालिक वरुण मक्कड़ और सेल्स हेड नितिन शर्मा उर्फ दीपक शर्मा को पहले से जानते थे।
नवंबर 2025 में कंपनी की ओर से राजनगर एक्सटेंशन स्थित प्रस्तावित आवासीय परियोजनाओं एलीट होम्स और मक्कड़ प्रथम में प्री-लांच आफर के तहत फ्लैट बुक कराने का प्रस्ताव दिया गया। छह माह बाद फ्लैट के दाम बढ़ने और बुक किए गए फ्लैट को बेचकर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया।
कुल 1.15 करोड़ रुपये जमा करा दिए
कंपनी के ब्रोशर, लेआउट और साइट दिखाकर जल्द निर्माण शुरू होने का दावा भी किया गया। पीड़ित का आरोप है कि 10 नवंबर 2025 से इसी वर्ष 30 मई के बीच परिवार के सदस्यों के माध्यम से कंपनी के खातों और नकद मिलाकर कुल 1.15 करोड़ रुपये जमा करा दिए। इसके बदले तीन फ्लैटों के एग्रीमेंट और अन्य दस्तावेज दिए गए।
18 जून को कंपनी कार्यालय पहुंचने पर पता चला कि बड़ी संख्या में निवेशक वहां जमा हैं व कंपनी का कार्यालय बंद है। आरोप है कि कंपनी के संचालक व कर्मचारी निवेशकों का पैसा लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर वरुण मक्कड़ ने हत्या की धमकी दी, जबकि नितिन शर्मा के स्वजन ने भी धमकाया।
पूरे नेटवर्क की जांच कराने की मांग की
पीड़ित ने आरोपितों के बैंक खाते फ्रीज कर धनराशि वापस दिलाने और पूरे नेटवर्क की जांच कराने की मांग की गई है। नंदग्राम थाने में 39 निवेशकों से करीब 29.41 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में 27 जून को ही गौरव मक्कड़ समेत कई अन्य आरोपितों पर एक केस दर्ज हुआ था।
इस संबंध में गौरव मक्कड़ से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनका मोबाइल स्विच आफ बंद पाया गया।
पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कराई गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके मुताबिक आगे कार्रवाई की जाएगी। – जियाउद्दीन अहमद, एसीपी नंदग्राम
