होटल बुकिंग के नाम पर एसडीएम से ठगी, केस दर्ज

Amit
2 Min Read

अयोध्या के होटल मालिक ने 26 हजार रुपये लेकर नहीं की रूम बुकिंग, मोबाइल किया स्विच ऑफ

उत्तर प्रदेश। अयोध्या के एक होटल मालिक पर लखनऊ की एसडीएम कोमल यादव से ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर हजारों रुपये की ठगी का आरोप लगा है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लखनऊ के जानकीपुरम विस्तार स्थित आयुष विहार निवासी एसडीएम कोमल यादव ने अयोध्या के होटल रामायण और उसके मालिक सौरभ गोस्वामी के खिलाफ धोखाधड़ी की एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, होटल में कमरे बुक कराने के नाम पर सौरभ ने 26,240 रुपये वसूल लिए, लेकिन बुकिंग नहीं की।

कोमल यादव के अनुसार, 28 जनवरी को उनके वरिष्ठ अधिकारी ओमप्रकाश गुप्ता को सरकारी कार्य और दर्शन हेतु अयोध्या जाना था। उन्होंने होटल रामायण में दो कमरों की बुकिंग के लिए होटल संचालक सौरभ से संपर्क किया और उसके दो बैंक खातों में निर्धारित राशि ट्रांसफर कर दी।

आरोप है कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद सौरभ ने न तो कमरे बुक किए और न ही कोई पुष्टि दी। बाद में उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। शिकायत पहले राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर की गई, फिर जानकीपुरम थाने में दी गई। थानाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

Share This Article
Leave a Comment