मुजफ्फरनगर में ऑनर किलिंग हुई है। यहां बुधवार को 5 भाइयों ने बीच चौराहे पर बहन की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। युवती ने गांव के ही लड़के से शादी की थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
2 साल पहले किया था प्रेम विवाह
पूरी घटना बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव अलीपुर अटेरना की है। यहां की रहने वाली फरहाना ने 2 साल पहले गांव के ही शाहिद से प्रेम विवाह कर लिया था। इसके चलते परिजन दोनों से नाराज थे। इसके बाद दोनों गांव छोड़कर चले गए थे। कुछ दिन पहले ही दोनों गांव लौट आए थे। इसके बाद फरहाना ने ब्यूटीशियन का काम करना शुरू कर दिया था।
रास्ते में रोक कर मारी गोली
युवती के देवर ने बताया कि बुधवार शाम भाभी ब्यूटी पार्लर से वापस लौट रही थी। तभी उनके भाइयों ने परिवार के साथ उन्हें चौराहे पर रोक लिया। पहले कहासुनी की। फिर गोली मारकर भाभी की हत्या कर दी। भाभी के घरवालों ने पहले ही धमकी दी थी कि अगर वो शादी के बाद घर लौटी, तो उसे मार देंगे।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी विनय गौतम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
सीओ बुढ़ाना विनय गौतम ने बताया, ”फरहाना से उसके परिजन नाराज चल रहे थे। 20 दिन पहले दोनों गांव में आए थे। आज उसके भाइयों ने गोली मारकर हत्या कर दी। अभी तक तहरीर नहीं मिली। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

