सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की लुभावनी घोषणा, सरकार बनने पर देंगे 300 यूनिट फ्री बिजली

Rohit Kumar
2 Min Read

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नव वर्ष पर सपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए एलान किया कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर घरेलू उपभोक्तओं को 300 यूनिट फ्री बिजली दी जाएगी। इसके साथ ही किसानों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली दी जाएगी।

सपा की यह घोषणा इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आम आदमी पार्टी ने भी यूपी में सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली फ्री देने का वादा किया था। अब इस घोषणा से सपा ने आप का एक चुनावी वादा अपना लिया है। अखिलेश यादव ने एलान किया कि नए साल पर हर कोई संकल्प लेता है। हमारा संकल्प है कि सरकार बनने पर घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट फ्री बिजली देंगे। उन्होंने कहा कि सपा के बारे में कहा जाता है कि सपा की कथनी और करनी में कोई फर्क नहीं है। भाजपा सबसे ज्यादा झूठी पार्टी है।

अखिलेश यादव ने गुलदस्ता लेकर आए कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर ये मुझे कन्नौज में दिया होता तो इसे भट्ठी में डालकर हम इत्र निकाल लेते। उन्होंने सभी को नव वर्ष को बधाई दी। अखिलेश यादव ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें सपा के कारोबारी पर छापेमारी करनी थी पर अपने ही कारोबारी पर मार दिया। ये डिजिटल इंडिया की गड़बड़ी है।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि चुनाव की तैयारी में जुट जाइए। जनता में जिस तरह का समर्थन सपा को मिल रहा है। उससे प्रदेश में सपा सरकार बनना तय है। कार्यकर्ताओं के गुलदस्ता भेंट करने पर अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग गुलदस्ता लेकर आए हैं। वो पार्टी को अपने बूथ पर जिताने की जिम्मेदारी लें। 2022 प्रदेश के लिए परिवर्तन का वर्ष साबित होगा

Share This Article
Leave a Comment