एमसीडी उपचुनाव: भाजपा में टिकट चयन पर मंथन, अपने ही नियमों में फंसी पार्टी

Amit
3 Min Read

नई दिल्ली- दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के 12 वार्डों में होने वाले उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में टिकट वितरण को लेकर गहन मंथन जारी है। पार्टी ने शुरुआत में उम्मीदवार चयन के लिए सख्त दिशा-निर्देश तय किए थे — किसी भी नेता के परिजन या रिश्तेदार को टिकट नहीं मिलेगा और न ही किसी बाहरी व्यक्ति को उम्मीदवार बनाया जाएगा। लेकिन अब पार्टी उन्हीं नियमों की वजह से मुश्किल में नजर आ रही है, क्योंकि कई वार्डों में मजबूत स्थानीय दावेदारों की कमी है।

संगठन सर्वे में सामने आई कमजोरी
सूत्रों के अनुसार, भाजपा द्वारा कराए गए आंतरिक सर्वे में खुलासा हुआ है कि कई वार्डों में स्थानीय कार्यकर्ताओं का जनाधार कमजोर है। जबकि आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के संभावित उम्मीदवार अपेक्षाकृत मजबूत माने जा रहे हैं। ऐसी स्थिति में भाजपा के पास जीतने योग्य चेहरों की कमी महसूस की जा रही है। पार्टी के भीतर माना जा रहा है कि अगर नियमों का सख्ती से पालन किया गया, तो कई वार्डों में मुकाबला कमजोर पड़ सकता है और हार की संभावना बढ़ सकती है।

परिवारवाद पर पेंच
इन परिस्थितियों में अब भाजपा के वरिष्ठ नेता अपने परिवार के सदस्यों — बेटों, बेटियों, पत्नियों या भतीजों — को टिकट दिलाने की कोशिश में सक्रिय हो गए हैं। पार्टी नेतृत्व पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि चुनावी जीत को प्राथमिकता देते हुए नियमों में नरमी बरती जाए।

बाहरी उम्मीदवारों पर भी मतभेद
कुछ वार्ड ऐसे हैं, जहां भाजपा के पास स्थानीय लोकप्रिय चेहरा नहीं है। वहां पार्टी अन्य क्षेत्रों के नेताओं को उम्मीदवार बनाने पर विचार कर रही है। हालांकि, इस पर भी आंतरिक विरोध उभर आया है। कई कार्यकर्ता बाहरी उम्मीदवारों को थोपे जाने को स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय मान रहे हैं।

नामांकन प्रक्रिया शुरू, पहले दिन नहीं दाखिल हुआ कोई पर्चा
उपचुनाव की अधिसूचना सोमवार को जारी की गई, जिसके बाद नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। उम्मीदवार 10 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। दिलचस्प बात यह रही कि पहले दिन किसी भी वार्ड से कोई नामांकन दाखिल नहीं हुआ।
नामांकन प्रक्रिया वार्ड 35 (मुंडका), 56 (शालीमार बाग बी), 65 (अशोक विहार), 74 (चांदनी चौक), 76 (चांदनी महल), 120 (द्वारका बी), 128 (दिचाऊं कलां), 139 (नारायणा), 163 (संगम विहार ए), 164 (दक्षिणपुरी), 173 (ग्रेटर कैलाश) और 198 (विनोद नगर) में सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चली।

Share This Article
Leave a Comment