चंडीगढ़ : रामदरबार फेस-2 में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में सेक्टर-25 निवासी रमन कुमार (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी युवराज गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना रात करीब 12:30 बजे की बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल युवराज को तत्काल सेक्टर-32 स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही सेक्टर-31 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे आपसी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और जांच तेजी से जारी है।

