लखनऊ। सआदतगंज पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवती का शारीरिक शोषण करने के आरोपित सतीश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। सतीश ने युवती से 18 लाख रुपये भी हड़प लिये थे। वह दो साल से फरार चल रहा था। पुलिस ने उस पर 20 हजार रुपये इनाम घोषित किया था। सतीश के पास तमंचा और कारतूस मिला है।
एडीसीपी चिरंजीव नाथ सिन्हा के मुताबिक पीड़िता ने वर्ष 2020 में सतीश के खिलाफ सआदतगंज कोतवाली में दुराचार, धोखाधड़ी, साजिश और आईटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया था। वह मूल रूप से बिजनौर के कम्बौर सिरधनी का रहने वाला है। पीड़िता ने आरोप लगाया था कि सतीश ने उसे सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर 18 लाख रुपये लिये थे। फिर उससे शादी करने की बात कही और इसका झांसा देकर एक साल तक शोषण करता रहा। काफी समय तक नौकरी न लगने पर युवती ने विरोध किया। उसने रुपये लौटाने को कहा। इस पर सतीश ने धमकी दी और शादी करने से मना कर दिया। यह भी आरोप लगाया था कि सतीश ने उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया था। वीडियो वायरल करने की धमकी भी दी थी।
2021 में सम्पत्ति कुर्क की गई
सतीश के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। एक साल पहले उसकी सम्पत्ति भी कुर्क कर दी गई थी। सतीश के लगातार फरार रहने पर 20 हजार रुपये इनाम भी घोषित किया गया था। सर्विलांस से उसकी लोकेश मिल गई थी। इसके बाद ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

