अल्पसंख्यकों से अखिलेश यादव की अपील, भाजपा के एजेंडे में न फंसें, लोकसभा चुनाव के लिए हो जाएं एकजुट

Rohit Kumar
2 Min Read

लखनऊ। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अल्पसंख्यक सहित सभी समाजवादी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भाजपा के किसी एजेंडा में न फंसें। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर जीतने का लक्ष्य लेकर एकजुट हों।

समाजवादी पार्टी ने हमेशा अल्पसंख्यकों के हितों का संरक्षण किया है और वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में अल्पसंख्यक भाइयों ने एकमुश्त समाजवादी पार्टी के पक्ष में मतदान किया, जिसके लिए उन्हें धन्यवाद।

अखिलेश यादव शुक्रवार को सपा मुख्यालय में समाजवादी अल्पसंख्यक सभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के अध्यक्ष इकबाल कादरी व महासचिव मो. यामीन खान समेत सभी वक्ताओं ने कहा कि अल्पसंख्यक पूरी तरह से उनके साथ हैं और रहेंगे। आगामी लोकसभा चुनावों में भी उनका समर्थन समाजवादी पार्टी को मिलेगा।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा नफरत फैलाने और समाज को बांटने के एजेंडे पर काम कर रही है। संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है। महत्वपूर्ण पदों पर आरएसएस के लोगों को बिठाया जा रहा है। वह देश की गंगा जमुनी संस्कृति को तोड़ने और आपसी सौहार्द को नष्ट करने में लगी है, उसकी इन नीतियों से देश के एक बड़े वर्ग में भय और असुरक्षा की भावना है।

अखिलेश यादव ने कहा कि आज देश भाजपा की कुनीतियों के चलते तमाम समस्याओं से जूझ रहा है। देश की अर्थव्यवस्था में गिरावट आई है। अमीर गरीब के बीच असमानता बढ़ी है। मंहगाई भ्रष्टाचार से लोग परेशान है। नोटबन्दी-जीएसटी ने व्यापार चौपट कर दिया है। किसान, नौजवान के हितों की उपेक्षा की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment