जहांगीरपुरी में उपद्रव के बाद अयोध्‍या में माहौल खराब करने की रची गई थी साजिश, सात ग‍िरफ्तार

Rohit Kumar
3 Min Read

अयोध्या: अयोध्या में धार्मिक माहौल को खराब करने की साज़िश (Communal Riots In Ayodhya) रचने वाले 7आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्होंने दिल्ली की घटना से प्रेरित होकर मस्जिदों में आपत्तिजनक पोस्टर, मांस व धार्मिक पुस्तक की प्रतियां डालकर शहर मे दंगा फैलाने की कोशिश की थी।

अयोध्या रेंज के आईजी कवीन्द्र प्रताप सिंह व एसएसपी शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि बुधवार रात में शहर की मस्जिद कश्मीरी मोहल्ला, टाटशाह मस्जिद, घोसियाना रामनगर मस्जिद, ईदगाह सिविल लाइन मस्जिद एवं दरगाह के पीछे अज्ञात शरारती तत्वों ने मांस एवं आपत्तिजनक पोस्टर एवं धार्मिक पुस्तक की प्रति डालकर दंगा फैलाने की कोशिश की थी।

ऐसे रची गई पूरी साजिश

एसएसपी ने बताया कि महेश कुमार मिश्रा इस कार्य का मुख्य साजिशकर्ता रहा है। वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर हाल ही में दिल्ली में घटित घटना के विरोध में बृजेश पाण्डेय के मकान में साजिश रची। महेश मिश्रा से फ्लैक्स/पम्पलेट लालबाग से खरीदा। प्रत्युष श्रीवास्तव के द्वारा चौक से गुदड़ी रोड दर्रे के पास मो रफीक बुक स्टोर से 02 कुरान की किताब व चौक से टोपी खरीदी गई। आकाश ने सुअर का गोश्त लालबाग से खरीदा।

…और फिर अंजाम दिया गया प्लान

26 अप्रैल को रात्रि को पूरी योजना को एक मकान के अन्दर महेश मिश्रा व प्रत्युष श्रीवास्तव ने अंजाम दिया। फ्लैक्स पर आपत्तिजनक लेख अंकित किया गया। उसके बाद ये लोग मस्जिदों में पहुंचे। एक एक कर मस्जिदों के पास कुरान शरीफ एवं सुअर का मांस तथा आपत्तिजनक पम्पलेट डाल कर फेंका गया था।

4 आरोपी अभी भी फरार

इस घटना मे कुल 11 आदमी शामिल थे जिसमें से 04 आरोपित फरार हैं। सभी आरोपितों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज किए गए हैं।

7 आरोपी गिरफ्तार

एसएसपी शैलेश कुमार पाण्डेय ने बताया कि इस मामले में 07 आरोपितों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि सूचना मिली की आरोपित महेश कुमार मिश्रा .प्रत्युष श्रीवास्तव ,नितिन कुमार ,दीपक कुमार गौड़ ,बृजेश पाण्डेय , शत्रुघ्न प्रजापति ,को आरटीओ आफिस के निकट से गिरफ्तार किया गया है।

Share This Article
Leave a Comment