मथुरा में जयमाला के बाद शादी वाले घर में घुसकर दुल्हन की गोली मारकर हत्या, दहशत में परिवार

Rohit Kumar
2 Min Read

उत्‍तर प्रदेश के मथुरा में एक शादी समारोह के दौरान जयमाल के तुरंत बाद दुल्‍हन का कत्‍ल कर दिया गया। दुल्‍हन जैसे ही जयमाल स्‍टेज से उतरकर सहेलियों के साथ अपने कमरे में पहुंची, जहां गांव के ही रहने वाले एक सिरफिरे युवक ने गोली मारकर उसकी हत्‍या कर दी। इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद सिरफिरा सबकी आंखों के सामने से फरार हो गया।

मामला नौहझील थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव का है। मिली जानकारी के अनुसार गांव में खूबीराम की बेटी काजल की गुरुवार को शादी थी। बारात का स्‍वागत धूमधाम से हुआ। इसके बाद जयमाल की रस्‍म निभाई गई। जयमाल के थोड़ी देर बाद दुल्‍हन की सहेलियां और घर की महिलाएं दुल्‍हन को लेकर उसके कमरे में गईं। आरोप है कि इसी दौरान गांव का एक सिरफिरा वहां पहुंच गया। उसने दुल्‍हन को गोली मार दी।  गोली दुल्‍हन के चेहरे पर लगी जिससे मौके पर ही उसने दम तोड़ दिया।

गोली की आवाज सुनकर बाहर मौजूद लोग भी भागकर घर में पहुंचे लेकिन गोली मारने वाला युवक सबके सामने से छत से कूद कर भाग गया। मारी गई दुल्‍हन के पिता खूबी राम ने पुलिस को दी तहरीर में पूरी घटना का विवरण दिया है। इतनी बड़ी वारदात की सूचना पर जिला पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई। एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर ने भी मौके पर पहुंचकर लोगों से पूरी जानकारी ली। पुलिस हत्यारोपी की तलाश में लगातार छापे मार रही है। उधर, इस वारदात के चलते मारी गई दुल्‍हन के घर ही नहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है।

Share This Article
Leave a Comment