शहर में दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग, वारदात के 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

Amit
2 Min Read

31 आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी ओमप्रकाश बिंद को पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस से पकड़ा

मऊ। निजामुद्दीनपुरा मोहल्ले में टहल रही एक महिला से चेन लूटने की वारदात को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को मऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद सक्रिय हुई पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे पकड़ लिया।

सीओ सिटी अंजनी कुमार पांडेय ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी ओमप्रकाश बिंद गाजीपुर जिले का रहने वाला है। उसने डीसीएसके पीजी कॉलेज के पास बाइक से पहुंचकर महिला को निशाना बनाया था और चेन लूटकर मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने मामले की जांच के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी सर्विलांस के जरिये आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। गिरफ्तारी के वक्त उसके पास से कुछ पीली और सफेद धातु, एक मोबाइल फोन, देसी तमंचा, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ में सामने आया है कि ओमप्रकाश पर चोरी और लूट के कुल 31 मामले पहले से विभिन्न जिलों में दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे और मामलों का भी खुलासा हो सकता है। ऐसे अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment