शिवालिक नगर में घर लौट रहे युवक पर हमला, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Amit
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा। शिवालिक नगर क्षेत्र में एक युवक पर घर लौटते समय अचानक हमला कर दिया गया। पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित हेमेंद्र कुमार शर्मा, जो वर्तमान में सोनीपत में कार्यरत हैं, ने बताया कि उनका परिवार शिवालिक नगर में किराए के मकान में रहता है। 13 सितंबर की रात करीब 9:45 बजे जब वे काम से लौटे और घर के बाहर कार रोकी, तो वहीं मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने अचानक उन पर हमला कर दिया।

हमलावर की पहचान साइकिल मरम्मत का कार्य करने वाले दीपू के रूप में हुई है। जैसे ही हेमेंद्र ने कार का दरवाजा खोला, दीपू ने उन पर धावा बोल दिया। शोरगुल सुनकर उनकी पत्नी और बच्चे बाहर आए और बीच-बचाव किया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना के दौरान मारपीट के साथ-साथ गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को सबूत के रूप में जब्त कर लिया है।

कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने पुष्टि करते हुए बताया कि संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।

Share This Article
Leave a Comment