साहिबाबाद में ऑनलाइन ठगी: विज्ञापन डालने के बाद साइबर जाल में फंसा परिवार, 25 हजार रुपये की चपत

Amit
2 Min Read

 गाजियाबाद- साहिबाबाद क्षेत्र के बृजविहार निवासी भूपेश शर्मा ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। घरेलू सामान बेचने के लिए उन्होंने एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन डाला था, जिसके बाद एक अज्ञात व्यक्ति ने खरीदार बनकर संपर्क किया और धोखे से 25 हजार रुपये ठग लिए। मामले की शिकायत लिंक रोड थाने में दर्ज कराई गई है।

भूपेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि उन्होंने पुराने घरेलू सामान को बेचने के उद्देश्य से एक लोकप्रिय ऑनलाइन एप पर विज्ञापन डाला था। कुछ समय बाद एक व्यक्ति ने कॉल कर खुद को संभावित खरीदार बताया और भरोसा दिलाने के लिए पहले उनके खाते में ₹5 ट्रांसफर किए। फिर उसने कहा कि बाकी रकम ट्रांसफर करने में दिक्कत आ रही है।

कॉल करने वाले ने भूपेश से उनकी बेटी का मोबाइल नंबर मांगा और कहा कि वह उसी नंबर पर पेमेंट करेगा। इसके बाद ठग ने भूपेश की बेटी को कॉल कर डराया और धमकी दी कि उसके खाते में भारी रकम है, जिसे वह निकाल सकता है। परेशान होकर और बेटी की सुरक्षा को लेकर चिंतित भूपेश ने कथित आरोपी के कहने पर ₹25,000 अपने खाते से ट्रांसफर कर दिए।

रकम ट्रांसफर होते ही आरोपी का मोबाइल नंबर बंद हो गया और संपर्क पूरी तरह टूट गया। पीड़ित ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की जानकारी दी।

साहिबाबाद एसीपी श्वेता यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और साइबर अपराध से जुड़े पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

Share This Article
Leave a Comment